विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने केन्द्रीय बजट से मिलेगी मदद केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने केंद्रीय बजट पर व्यक्त किए विचार

विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने केन्द्रीय बजट से मिलेगी मदद केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने केंद्रीय बजट पर व्यक्त किए विचार

रायपुर, केंद्र सरकार का आम बजट जनहितकारी है। यह सभी वर्गों के कल्याण के लिए बनाया गया है, इससे विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में काम करने में मदद मिलेगी। यह बात केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने आज राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित बजट संवाद कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कही।उन्होंने अपने संबोधन में विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने वाले सभी पहलुओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा नेतृत्व में हम 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने में जरुर सफल होंगे।

मांडविया ने कहा कि बजट में सड़क, रेलवे और एयरपोर्ट जैसी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के लिए बड़े पैमाने पर निवेश की घोषणा की गई है। इससे यातायात की सुविधा बढ़ेगी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास और कृषि सुधारों पर बजट में दिए गए जोर के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बजट में सिंचाई परियोजनाओं, कृषि यांत्रिकीकरण, और ग्रामीण रोजगार योजनाओं के लिए खास तौर पर धन आवंटित किया गया है।
मंत्री डॉ. मांडविया ने कहा कि डिजिटल वित्तीय सेवाओं को बढ़ावा देने और वित्तीय समावेशन को सुनिश्चित करने के लिए नई योजनाएं बनाई गई हैं। इसमें डिजिटल भुगतान प्रणाली को मजबूत करना और गरीब वर्गों के लिए वित्तीय सेवाओं की पहुंच को आसान बनाना शामिल है।

इसी तरह बजट में वित्तीय प्रबंधन को सुधारने और टैक्स सिस्टम को सरल बनाने के लिए कई उपाय किए गए हैं। इसमें टैक्स में छूट और कर नियमों में सुधार शामिल हैं ताकि करदाताओं को राहत मिले और व्यवस्था अधिक पारदर्शी हो सके। उन्होंने बताया कि इन सभी सुधारों से सरकार की आर्थिक विकास की दिशा और प्राथमिकता स्पष्ट होती है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, खेल मंत्री श्री टंकराम वर्मा, रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सर्वश्री खुशवंत साहेब, मोतीलाल साहू, किरण सिंह देव, इंद्र कुमार साहू, सुशांत शुक्ला एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा व्यापरिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Chhattisgarh